सुबह छह बजे से लाइन में खड़े किसान, नाम नोट कर बांटे उर्वरक; सुरक्षा व्यवस्था रही नदारद
बॉर्डर न्यूज़ लाइव, महराजगंज
महराजगंज: क्षेत्र में इन दिनों खेती का मुख्य सीजन चल रहा है, लेकिन उर्वरक की कमी ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गुरुवार को साधन सहकारी समिति ठूठीबारी पर खाद वितरण के लिए किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह छह बजे से ही किसान लंबी कतारों में खड़े दिखे, लेकिन भीड़ नियंत्रित करने के लिए कोई सुरक्षा व्यवस्था नजर नहीं आई।
गांवों और आसपास के इलाकों से सैकड़ो किसान साइकिलों से खाद लेने के लिए साधन सहकारी समिति पहुंचे। खेती का समय होने के कारण डीएपी और यूरिया की मांग अचानक बढ़ गई है। समिति के कर्मचारियों ने किसानों के नाम क्रमवार नोट किए और उसी के अनुसार उर्वरक का वितरण शुरू किया।
किसानों ने बताया कि उन्हें पहले से ही खाद की कमी का सामना करना पड़ रहा था। कई किसान तो लगातार तीन-चार दिन से खाद के लिए समिति के चक्कर लगा रहे हैं। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि कई बार धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इस दौरान किसी तरह की अव्यवस्था को रोकने के लिए सुबह 11 बजे तक कोई सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं रहा, जिससे किसान खुद लाइन बनाए रखने को मजबूर हुए।