महराजगंज: भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की सुपरस्टार अक्षरा सिंह ने महराजगंज में आयोजित एक कार्यक्रमें अपने अद्वितीय अंदाज और सुरों का जादू बिखेर कर लोगों का दिल जीत लिया। शाम से ही कार्यक्रम स्थल पर दर्शकों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा था, जिससे पुलिस और प्रशासन को भीड़ नियंत्रित करने में पसीने छूट गए। अक्षरा की लोकप्रियता को देखते हुए प्रशासन ने पहले से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी, लेकिन फैंस के जुनून ने माहौल को और भी चुनौतीपूर्ण बना दिया।
भक्तिमय माहौल में अक्षरा का जलवा
मंच पर आते ही अक्षरा सिंह ने “निमिए पर झुलुआ लगावे” गीत से शुरुआत की, जो मां दुर्गा को समर्पित था। भक्ति के इस माहौल में युवा अक्षरा के सुरों पर झूम उठे। अक्षरा ने अपने भक्तिमय और सादगीभरे अंदाज से लोगों का मन मोह लिया।
आलोचकों पर किया पलटवार, अश्लीलता का किया खंडन
अक्षरा सिंह ने अपने खिलाफ होने वाली विवादों की भी बेबाकी से चर्चा की। उन्होंने कहा कि कुछ लोग उन्हें विवादों में घसीटने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन अगर कोई उनके कार्यक्रम में अश्लीलता साबित कर दे, तो वे स्टेज शो करना बंद कर देंगी। उनके इस बयान के बाद तालियों की गड़गड़ाहट सुनाई देने लगी। अक्षरा ने साफ शब्दों में कहा कि दर्शकों का आशीर्वाद उनके साथ है और जब तक लोगों का प्यार मिल रहा है, उन्हें किसी विवाद की चिंता नहीं है।
सुपरहिट गानों पर जबरदस्त ठुमके
कार्यक्रम में अक्षरा सिंह ने एक के बाद एक अपने सुपरहिट गानों की प्रस्तुति दी। जब उन्होंने “नैना कैसे चार हो गया”, “तू लौंग मैं इलायची”, और “24 कैरेट के बाली” जैसे लोकप्रिय गानों पर परफॉर्म किया, तो भीड़ दीवानी हो उठी। युवाओं ने उनके हर ठुमके पर दिल खोलकर तालियां बजाईं। वहीं, “बुलेट करे ठाय ठाय” गाने पर जब अक्षरा ने अपनी मस्तीभरी अदाएं दिखाई, तो फैंस के उत्साह ने माहौल को और भी गर्म कर दिया।
हिंदी गानों पर भी किया धमाल
अक्षरा ने भोजपुरी गानों के साथ-साथ हिंदी गानों पर भी अपनी शानदार परफॉर्मेंस दी। खासकर जब उन्होंने “हुस्न अपना संभालो जी” पर ठुमके लगाए, तो वहां मौजूद भीड़ का जोश आसमान छू गया। हर कोई उनकी अदाओं और आवाज के जादू में खो गया।
नवरात्रि व्रत का संकल्प और फैंस का आशीर्वाद
अक्षरा सिंह ने इस बात का भी जिक्र किया कि वे नवरात्रि का व्रत रख रही हैं, और माता रानी की कृपा से उन्हें शक्ति मिल रही है। उन्होंने अपने फैंस से आशीर्वाद की अपील करते हुए कहा कि जब तक दर्शकों का प्यार उनके साथ है, वे किसी विवाद की परवाह नहीं करतीं।
अक्षरा का भोजपुरी अंदाज: “ठीक बानी जा न!”
कार्यक्रम के अंत में अक्षरा ने मंच से अपने चिर-परिचित भोजपुरी अंदाज में कहा, “ठीक बानी जा न!”, और इसके जवाब में फैंस का शोर आसमान छू गया। अक्षरा ने न केवल अपनी गायकी और नृत्य से, बल्कि अपने मजाकिया और सजीव अंदाज से भी दर्शकों का दिल जीत लिया। देर रात तक लोग उनके सुरों और अदाओं पर झूमते रहे, और कार्यक्रम में अक्षरा का जादू हर किसी के दिल-ओ-दिमाग पर छाया रहा।