महराजगंज जिले में प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण फेरबदल हुआ है। श्रम एवं रोजगार विभाग के उपायुक्त और जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) करुणाकर अदीब को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। उनके स्थान पर प्रयागराज में तैनात वरिष्ठ अधिकारी भोलानाथ कन्नौजिया को महराजगंज का नया डीडीओ नियुक्त किया गया है।
यह कार्रवाई विभागीय अनियमितताओं, योजनाओं के क्रियान्वयन में ढिलाई, फाइलों के लंबित रहने और शिकायतों के बाद हुई है। कई बार स्थानीय अधिकारियों ने करुणाकर अदीब के खिलाफ शासन को शिकायतें भेजी थीं, जिन पर अब शासन ने गंभीरता से संज्ञान लिया है।
संयुक्त सचिव प्रहलाद बरनवाल द्वारा जारी आदेश में करुणाकर अदीब को निर्देश दिया गया है कि वे नई तैनाती स्थल ग्राम्य विकास आयुक्त कार्यालय, लखनऊ में तत्काल कार्यभार ग्रहण करें और इसकी जानकारी शासन को दें।
नई नियुक्ति भोलानाथ कन्नौजिया से विकास कार्यों में पारदर्शिता और तत्परता की उम्मीद जगाती है। प्रयागराज जैसे बड़े जिले में कार्य करने का अनुभव रखने वाले कन्नौजिया प्रशासनिक कार्यों में दक्ष माने जाते हैं।
महराजगंज जिले में यह प्रशासनिक बदलाव विकास योजनाओं की मॉनिटरिंग को बेहतर बनाने और कार्यशैली में सुधार लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
शासन की यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश देती है कि उत्तर प्रदेश सरकार अब भ्रष्टाचार, लापरवाही और प्रशासनिक अनियमितताओं को बर्दाश्त नहीं करेगी और समय रहते उचित कार्रवाई करेगी। फिलहाल, यह विषय जिले में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।