किशोर के गांव में छाया मातम, परिजनों का रो रो-कर बुरा हाल
न्यूज़ डेस्क फरेंदा….
फरेंदा/महाराजगंज |
मूर्ति विसर्जन के दौरान फरेंदा क़स्बे के एक किशोर की जेनरेटर के नीचे आने से मौत हो गई। घटना के बाद माहौल गमगीन हो गया। घटना के बाद से किशोर के गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो रो-कर बुरा हाल है।
फरेंदा क्षेत्र के सिधवारी टोला विश्रामपुर निवासी मुक्तिनाथ का 14 वर्षीय पुत्र संदीप बुधवार रात घर में मूर्ति विसर्जन देखने फरेंदा कस्बे में दोस्तों के साथ पहुंचा था। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे विष्णु मंदिर के पास ट्रॉली पर लदी माता लक्ष्मी व भगवान गणेश की प्रतिमा के साथ डीजे की धुन पर युवा नाच रहे थे। साथ ही ट्रॉली के साथ 63 केवी का जेनरेटर भी जा रहा था। उसी दौरान जेनरेटर का पहिया संदीप के ऊपर चढ़ गया। जिसके नीचे दबकर संदीप गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद पुलिस ने घायल किशोर को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी भिजवाया। जहां चिकित्सकों ने संदीप को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ भी मौके पर पहुंचे। किशोर परिवार का सबसे छोटा बेटा था। मौत की जानकारी होते ही मां संभा देवी व दादी छंगूरी बदहवास हो गईं। पिता मुक्तिनाथ, भाई राममिलन, धर्मेंद्र व बहन अकाली का रो रो-कर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्रा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।