गंभीर हालत में गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर
दामाद अपनी पत्नी की विदाई कराने ससुराल आया था
बॉर्डर न्यूज़ लाइव, महराजगंज
उत्तर प्रदेश के जनपद महराजगंज में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है जिसमे अपने ही दामाद ने ससुर की चाकुओं से प्रहार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिनको गंभीर हालत में मेडिकल कालेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया है।
पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नरकटहां खुर्द छोटका टोला निवासी एक व्यक्ति को उसके दामाद ने रविवार रात चाकू मारकर घायल कर दिया। परिजनों ने घायल को मेडिकल काॅलेज गोरखपुर में भर्ती कराया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
जनार्दन की तीन पुत्रियां और एक पुत्र हैं। उन्होंने 12 वर्ष पूर्व अपनी बड़ी पुत्री गुड़िया की शादी गोरखपुर जनपद के थाना कैंपियरगंज नगर पंचायत के बख्तावर नगर वार्ड निवासी हरेंद्र के साथ की थी। हरेंद्र की तीन बेटियां खुशी (9), मोहिनी (7) व रिंकी (5) हैं। पत्नी गुड़िया ने आरोप लगाया कि तीन बेटियां होने से उसका पति खुश नहीं था और दूसरी शादी करना चाहता था। उसे व बेटियों को जान से मारने की बात कर रहा था। वह मुंबई में रहकर पेंट पॉलिश का काम करता है। छह दिन पूर्व वह घर के लिए निकला तो वह मायके चली आई। आरोप है कि हरेंद्र जब घर पहुंचा तो पत्नी को नहीं पाकर ससुराल पहुंच गया। रविवार की रात ससुर से कहासुनी होने लगी। ससुर ने दामाद की डंडे से पिटाई कर दी। हरेंद्र ने चाकू से ससुर के हाथ व गले पर वार कर फरार हो गया। प्रभारी निरीक्षक निर्भय कुमार सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची तो आरोपी फरार हो गया था। लोकेशन ट्रेस हो गया है। जल्द गिरफ्तारी हो जाएगी।