बॉर्डर न्यूज़ लाइव, लखनऊ/उत्तर प्रदेश
लखनऊ: स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित विधान भवन परिसर में आयोजित समारोह में प्रदेशवासियों को संबोधित किया। उन्होंने शहीद वीर सपूतों को नमन कर अपने संबोधन की शुरुआत की और प्रदेश सरकार की विभिन्न उपलब्धियों और विकास योजनाओं का बखान किया।
अमृतकाल में ऐतिहासिक कार्यक्रमों का आयोजन:
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि अमृतकाल में भारतीय स्वाधीनता संग्राम के ऐतिहासिक काकोरी ट्रेन ऐक्शन का शताब्दी वर्ष प्रारंभ हुआ है। इस अवसर पर प्रदेश में वर्ष पर्यन्त विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों का स्मरण किया जाएगा।
गरीबी उन्मूलन और शिक्षा के क्षेत्र में सुधार:
सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से 6 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि नए शैक्षिक सत्र में 20 लाख 50 हजार नए बच्चों का प्रवेश हुआ है और डीबीटी के माध्यम से जूता-मोजा, ड्रेस का पैसा भेजा जा रहा है। सरकार ने 190 नए राजकीय हाईस्कूल और 58 इंटरमीडिएट कॉलेज स्थापित किए हैं।
कृषि क्षेत्र में सुधार और किसान कल्याण:
सीएम ने बताया कि प्रदेश के अन्नदाता किसानों की मेहनत के कारण उत्तर प्रदेश देश के खाद्यान्न की 20 फीसदी आपूर्ति कर रहा है। 25 हजार किसानों को कार्बन क्रेडिट के रूप में 200 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं और 2017 से अब तक 2 लाख 53 हजार करोड़ रुपये गन्ना किसानों को भुगतान के रूप में दिए गए हैं।
धर्मस्व और पर्यावरण संरक्षण:
मुख्यमंत्री ने आयोध्या धाम तीर्थ परिषद के नियोजित विकास और प्रयागराज कुंभ 2019 की सफलता पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 2025 में आयोजित होने वाले महाकुंभ को नए कीर्तिमानों के साथ भव्य और दिव्य रूप में आयोजित करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने 168 करोड़ पेड़ों के वृक्षारोपण के कार्यक्रम को भी सराहा।
युवाओं के लिए नई योजना:
मुख्यमंत्री ने “मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभिनव विकास अभियान” की घोषणा की, जिसमें प्रतिवर्ष 50 लाख युवाओं को उद्यमी बनाने का लक्ष्य रखा गया है।