आगरा में लड़की का किया पीछा, अश्लील टिप्पणियां कर उसे स्कूटी से गिराकर किडनैप करने की कोशिश
बॉर्डर न्यूज़ लाइव, आगरा/उत्तर प्रदेश
आगरा: उत्तर प्रदेश के आगरा में एक शर्मनाक घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें दो बाइक पर सवार पांच बदमाश एक स्कूटी सवार लड़की से छेड़छाड़ करते हुए दिखाई दे रहे हैं। यह घटना तब हुई जब बदमाशों ने लगभग तीन किलोमीटर तक लड़की का पीछा किया, अश्लील टिप्पणियां की, और उसे स्कूटी से गिराकर किडनैप करने की कोशिश की। इस दौरान बाइक सवार मनचलों ने लड़की को धमकाया भी।
जानकारी के अनुसार, बाइक सवार बदमाश पुरानी मंडी से लड़की का पीछा कर रहे थे। लड़की उनसे बचने के लिए विक्टोरिया पार्क होते हुए यमुना किनारा रोड की तरफ भागी। हाथी घर के पास युवकों को छेड़छाड़ करता देख वहां से गुजर रहे ट्रैफिक पुलिसकर्मी राजीव ने लड़की को बचाने का प्रयास किया।
जब ट्रैफिक पुलिसकर्मी राजीव ने बदमाशों को समझाने की कोशिश की, तो दोनों आरोपी राजीव से भिड़ गए। इसके बाद राजीव कुमार ने तुरंत छत्ता चौकी पर तैनात इंचार्ज को सूचित किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बदमाशों का पीछा किया और घेराबंदी कर गुदड़ी मंसूर खां के यूसुफ और हींग की मंडी के फिरोज को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दूसरी बाइक पर सवार सिंघी गली के फैजान और दो अन्य की तलाश जारी है।
इस घटना पर एंटी रोमियो स्क्वायड की प्रभारी प्राची चौधरी ने बताया कि दो आरोपियों को धारा 296 के तहत मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्यों की तलाश जारी है, और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक नंबर UP 80 FD 5852 को भी जब्त कर लिया गया है।