वकील का मकसद सरकार की छवि धूमिल करना और पुलिस व सरकार के खिलाफ जनाक्रोश फैलाना था
बॉर्डर न्यूज़ लाइव, लखनऊ/उत्तर प्रदेश
लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार के बाद जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट के पास एक महिला ने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह की कोशिश की। इस मामले में पुलिस ने अब महिला के वकील को गिरफ्तार किया है और एफआईआर दर्ज की है।
जांच में सामने आया कि महिला के वकील ने उसे आत्मदाह के लिए उकसाया था। वकील का मकसद सरकार की छवि धूमिल करना और पुलिस व सरकार के खिलाफ जनाक्रोश फैलाना था। पुलिस को महिला के मोबाइल से चार मुख्य वॉइस रिकॉर्डिंग भी मिली हैं। इन रिकॉर्डिंग में वकील सुनील कुमार ने महिला से कहा था, “CM आवास के पास आग लगाओगी तो पुलिस तुम्हारे आगे पीछे घूमेगी।”
मंगलवार को उन्नाव से आई महिला अपने एक साल के बेटे के साथ पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जनता दरबार में गई। जनता दरबार से निकलने के बाद उसने जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट के पास आत्मदाह की कोशिश की, जिसमें वह 80 प्रतिशत जल गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाया और सिविल अस्पताल ले गए, जहां उसका बर्न यूनिट में इलाज जारी है।