मटरा धमउर गांव के मामले में आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
बॉर्डर न्यूज़ लाइव, महराजगंज
निचलौल/महराजगंज । थाना क्षेत्र के मटरा धमउर गांव में कुछ मनबढ़ों ने पहले एक व्यक्ति के मकान को पिकअप से गिरा दिया। विरोध करने पर मनबढ़ों ने व्यक्ति की बेरहमी से पिटाई कर उसे लहूलुहान कर दिया। मौके पर लोगों की भीड़ को देखते हुए आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले। पुलिस ने पीड़ित व्यक्ति की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
मटरा धमउर गांव निवासी रामजतन यादव ने पुलिस को बताया कि 29 जुलाई की शाम करीब साढ़े छह बजे कुछ मनबढ़ लोग उनके मकान को पिकअप से गिरा गए। विरोध करने पर मनबढ़ों ने गोलबंद होकर उनकी बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह लहूलुहान हो गए। रामजतन यादव की चीख पुकार सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जिसे देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग निकले।
थाना प्रभारी देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित व्यक्ति की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच-पड़ताल की जा रही है।