राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह सियासी मैदान में उतरने की तैयारी के बीच विवादों में
बॉर्डर न्यूज़ लाइव, लखनऊ/उत्तर प्रदेश
लखनऊ। जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के मुखिया और कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की पत्नी भानवी सिंह पर गंभीर धाराओं में मामला दर्ज हुआ है। हजरतगंज कोतवाली में उनके खिलाफ 120B, 419, 420, 467, 468, 469, 471, 506 जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
भानवी सिंह द प्रॉपर्टीज की निदेशक हैं। इस कंपनी के पूर्व निदेशक आशुतोष सिंह ने उन पर मामला दर्ज कराया है। आशुतोष सिंह का आरोप है कि षड्यंत्र करके और दबाव बनाकर उन्हें कंपनी के निदेशक पद से हटाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके फर्जी हस्ताक्षर कर कंपनी से हटाया गया और इस फ्रॉड की शिकायत कानपुर के रजिस्ट्रार कार्यालय में की गई थी। इसके अलावा, कंपनी के शेयर में भी भानवी सिंह द्वारा फ्रॉड किए जाने का आरोप है।
भानवी सिंह का नाम सियासी मैदान में उतरने की चर्चा के बीच सामने आ रहा है। राजा भैया और उनके मुंह बोले देवर अक्षय प्रताप सिंह उर्फ गोपालजी के साथ चल रहे विवाद के बीच भानवी सिंह ने बड़ा संकल्प लिया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि वह जल्द ही सियासी मैदान में उतर सकती हैं।
भानवी सिंह पर जो धाराएं लगाई गई हैं, उनमें 120B (आपराधिक षड्यंत्र), 419 (प्रतिरूपण द्वारा छल), 420 (धोखाधड़ी), 467 (जालसाजी के लिए दस्तावेजों की निर्माण), 468 (धोखाधड़ी के उद्देश्य से जालसाजी), 469 (प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के लिए जालसाजी), 471 (जाली दस्तावेजों का उपयोग) और 506 (आपराधिक धमकी) शामिल हैं।