कई दिग्गजों के अरमानों पर फिर गया पानी तो कई पुराने सियासी पहलवानों को फिर से मैदान में आने का मिल गया मौका
न्यूज़ डेस्क महराजगंज……(एडिटर अरुण वर्मा की रिपोर्ट)
महराजगंज/उत्तर प्रदेश ।
नगर निकाय सामान्य निर्वाचन 2022 में तमाम सीटें बदल जाने से नगर निकाय चुनाव को लेकर कही ख़ुशी तो कही गम जैसा माहौल देखने को मिल रहा है | आरक्षण की प्रक्रिया ने कई दिग्गजों के अरमानों पर पानी फेर दिया है तो वही कई पुराने सियासी पहलवानों को फिर से मैदान में आने का मौका मिल गया है। इसमें नगर पालिका परिषद महराजगंज की सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित हुई है। 2017 के चुनाव में यह सीट अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित थी। तब यहां से कृष्ण गोपाल जायसवाल चुनाव जीतकर चेयरमैन बने थे। अब अनुसूचित जाति की सीट हो जाने से उनको चुनाव लड़ने का मौका नहीं मिलेगा। वहीं अनुसूचित जाति होने से कई पुराने दिग्गजों को फिर से मौका मिल गया है। कुछ नए चेहरे भी आएंगे। वहीं इस बार नगर पालिका परिषद नौतनवा की सीट महिला के लिए आरक्षित की गई है। 2017 के चुनाव में यह सीट पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित थी। तब गुड्डू खान वहां के चेयरमैन चुने गए थे। उसके पहले उनकी पत्नी नायला खान चेयरमैन रही हैं। महिला सीट होने से गुड्डू खान चुनाव मैदान से बाहर हो गए हैं। वहीं नगर पंचायत आनंदनगर की सीट इस बार अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित हुई है। जबकि 2017 में यह सीट अनारक्षित थी। तब राजेश जायसवाल चुनाव अध्यक्ष चुने गए थे। पिछड़ी जाति से होने के कारण इस बार भी जायसवाल को चुनाव लड़ने का मौका मिल सकता है। वहीं नगर पंचायत घुघली इस बार महिला के लिए आरक्षित हुई है। 2017 में यहां अनारक्षित सीट पर उर्मिला देवी अध्यक्ष चुनी गई थी। इस बार भी महिला होने से उर्मिला देवी को फिर से चुनाव लड़ने का मौका मिल सकता है। नगर पंचायत निचलौल की सीट इस बार महिला हो गई है। 2017 में यह सीट अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित थी। तब विश्वनाथ मद्धेशिया अध्यक्ष चुने गए थे। 2022 में यह सीट बदलकर महिला के लिए आरक्षित हो गई है। महिला होने के कारण विश्वनाथ को चुनाव लड़ने का मौका नहीं मिलेगा। वहीं नगर पंचायत सोनौली में इस बार की सीट अनारक्षित हो गई है। 2017 के चुनाव में यह सीट महिला के लिए आरक्षित थी। तब कामना त्रिपाठी अध्यक्ष चुनी गई थी। इस बार अनारक्षित होने से फिर उनको मौका मिल सकता है। बीते वर्षों में जनपद में चार नए नगर पंचायतों का गठन हुआ। इन नगर पंचायतों में पहली बार नगर पंचायत का चुनाव होने जा रहा है। इसमें नगर पंचायत चौक में अन्य पिछड़ा वर्ग, नगर पंचायत परतावल में महिला, नगर पंचायत बृजनगंज में महिला, नगर पंचायत पनियरा में महिला वर्ग के लोग पहली बार अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ेंगे। पहले यहां प्रधानी का चुनाव होता था, लेकिन अब नगर निकाय के चुनाव का पहला अनुभव लेंगे उम्मीदवार ।
नगर निकाय – 2017 में आरक्षण…
नगर पालिका परिषद महराजगंज अध्यक्ष-अन्य पिछड़ा वर्ग-
नगर पालिका परिषद नौतनवा अध्यक्ष- अन्य पिछड़ा वर्ग
नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद नगर- अनारक्षित
नगर पंचायत अध्यक्ष निचलौल – अन्य पिछड़ा वर्ग
नगर पंचायत अध्यक्ष घुघली- अनारक्षित
नगर पंचायत अध्यक्ष सोनौली- महिला
नगर निकाय 2022 में आरक्षण…
नगर पालिका परिषद महराजगंज अध्यक्ष-अनुसूचित जाति
नगर पालिका परिषद नौतनवा अध्यक्ष- महिला
नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद नगर- अन्य पिछड़ा वर्ग
नगर पंचायत अध्यक्ष निचलौल – महिला
नगर पंचायत अध्यक्ष घुघली- महिला
नगर पंचायत अध्यक्ष सोनौली- अनारक्षित
नगर पंचायत चौक- अन्य पिछड़ा वर्ग
नगर पंचायत परतावल – महिला
नगर पंचायत बृजमनगंज- महिला
नगर पंचायत पनियरा- महिला