बॉर्डर न्यूज़ लाइव, लखनऊ/उत्तर प्रदेश
राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद इलाके में एक सनकी डाला चालक ने अपनी पत्नी और उसके प्रेमी को कुचलने की कोशिश की। आरोपी विनय कुमार द्विवेदी ने रेलवे क्रॉसिंग पर रुकी कार में अपनी पत्नी और उसके प्रेमी को मारने के इरादे से डाले से टक्कर मारी और लगभग 100 मीटर तक कार को घसीटता ले गया। इस हादसे में कार सवार पत्नी, प्रेमी समेत सड़क पर खड़े एक पुलिसकर्मी और अन्य 8 लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से दो गंभीर रूप से घायलों को केजीएमयू ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
घटना का विवरण
रहीमाबाद के अटेर गांव निवासी डाला चालक विनय कुमार द्विवेदी सोमवार रात करीब 9 बजे इलाके में डाला चला रहा था। उसने एक कार का पीछा करना शुरू किया, जिसमें उसकी पत्नी सोनी सिंह और उसका प्रेमी महेंद्र सिंह सवार थे। जुराबगंज रेलवे क्रॉसिंग बंद होने के कारण कार वहीं रुक गई, जिसे देख विनय ने डाले की रफ्तार बढ़ाकर पीछे से कार में जोरदार टक्कर मारी। टक्कर के बाद भी वह एक्सीलेटर दबाए रहा, जिससे कार आगे बढ़ती रही और जो भी सामने आया, उसे टक्कर लगती गई। अंत में कार बैरियर तोड़कर खंभे से टकरा गई। कार रुकने के बाद विनय मौके से भागने लगा, लेकिन वहां मौजूद लोगों ने उसे पकड़कर पीट दिया।
पुरानी रंजिश और हत्या की धमकी
विनय कुमार और सोनी सिंह की शादी करीब 10 साल पहले हुई थी, लेकिन पिछले 2 साल से सोनी अपने प्रेमी महेंद्र सिंह के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। इसी कारण विनय और महेंद्र के बीच पुरानी रंजिश थी। सोनी सिंह के अनुसार, विनय उन्हें बार-बार जान से मारने की धमकियां देता था। इसी धमकी के तहत उसने इस घटना को अंजाम दिया।
पुरानी घटनाओं का कनेक्शन
रहीमाबाद एसओ अभिनव वर्मा के मुताबिक, विनय अपनी पत्नी सोनी के महेंद्र के साथ रहने से बेहद नाराज था। 1 नवंबर 2023 को उसने महेंद्र को फंसाने के लिए खुद के हाथ में गोली मार ली थी। इस मामले में विनय के भाई अरविंद द्विवेदी ने रहीमाबाद थाने में महेंद्र राणा और उन्नाव के औरास निवासी विकास यादव के खिलाफ केस दर्ज कराया था। जांच में सामने आया कि विनय ने महेंद्र को फंसाने के लिए खुद को गोली मारी थी।