किसानों के अरमानों पर बारिश ने फेरा पानी, जल जमाव बड़ी समस्या
न्यूज़ डेस्क महराजगंज….
महाराजगंज |
विगत दिनों लगातार कई दिनों की बारिश के कारण जलजमाव की समस्या लोगों के लिए सबसे बड़ी समस्या बन गई है। मौसम के साफ होने के बाद भी लोगों की दुश्वारियां अभी कम नहीं हुई है। जलजमाव के कारण लोग बड़ी ही सांसत आवागमन कर पा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर अधिकांश नदियों का जलस्तर काफी कम हो गया है। पर राप्ती नदी रिंगौली और रोहिन नदी भौराबारी में अब भी पानी देखा जा रहा है | अक्तूबर महीने की शुरुआत में लगातार कई दिनों की बारिश होने से राप्ती नदी रिंगौली खतरे के निशान पर पहुंच गई है। पर बारिश थमने के बाद राप्ती नदी रिंगौली का जलस्तर 80.68 मीटर पर अभी बना हुआ है। राप्ती नदी का जलस्तर खतरे के निशान से अभी 38 सेमी ऊपर है। राप्ती नदी रिंगौली का जलस्तर प्रति घंटे तीन सेमी तेजी से घट रहा है। कुछ इसी तरह का हाल रोहिन नदी त्रिमुहानी का था। पर त्रिमुहानी का जलस्तर अब घट गया है। त्रिमुहानी का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे पहुंच चुका है। पर रोहिन नदी भौराबारी अभी भी खतरे के निशान से ऊपर है। वहीं पहले की तरह गंडक, चंदन, व्यास, रोहिन नदी रतनपुर और महाव का जलस्तर कम हो गया है।
जल जमाव के कारण सांसत में बिस्मिलनगर के लोग
विगत कई दिनों से घनघोर बारिश होने के कारण नगर पालिका परिषद बिस्मिलनगर वार्ड नंबर 21 में जलजमाव की समस्या समाप्त होने का नाम नहीं ले रही है। ऐसे में लोगों को आने जाने में बहुत कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। जलजमाव के कारण संक्रामक बीमारियां जैसे टाइफाइड, वायरल फीवर, डेंगू जैसी बीमारियों के फैलने का खतरा लोगों मे बना हुआ है। बिस्मिलनगर निवासी कुलदीप मणि त्रिपाठी ने बताया कि जलजमाव के कारण लोगों में भारी रोष है। बिस्मिल नगर में जलजमाव एवं बिजली की बहुत बड़ी समस्या है। आए दिन यहां लो वोल्टेज से नगरवासी परेशान हो जा रहे हैं। स्थानीय लोगों में गुड्डू खान,अब्दुल राकेश, आशुतोष, गणेश, दुर्गेश श्रीवास्तव, संदीप, रितेश सिंह, बंटी आदि लोगों में भी इस समस्या को लेकर रोष है।
किसानों के अरमानों पर बारिश ने फेरा पानी
अक्तूबर महीने की शुरुआत में बरसात ने किसानों के सामने मुश्किलें खड़ी कर दी है। नदी के सटे सैकड़ों किसानों की फसल पानी से डूब गई है। खेतों से पानी हटने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसे में लक्ष्मीपुर क्षेत्र के रानीपुर, नवडीहवां, मछरिहवां, करीमदादपुर आदि गांवों के किसान धान की फसल को लेकर परेशान हैं।
जलजमाव की समस्या से जूझ रहे ग्रामीण
नौतनवा ब्लाक परसामलिक क्षेत्र के ग्राम सेवतरी में मुख्य रास्ते पर पोखरी के गन्दे पानी के जलजमाव का आलम बरकरार है। काफी दिनों से जलजमाव होने के कारण लोगों में संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। जोखिम भरे जलजमाव के बीच नौनिहाल और राहगीर गिर कर चोटिल भी हो चुके हैं। जिसको देखते हुए गुरुवार को प्रधान प्रतिनिधि जीतबहादुर यादव ने एसडीएम नौतनवा को लिखित शिकायती पत्र देकर कार्यवाही करने की मांग की है।