ठूठीबारी में संघ की विशेष प्रभात फेरी, योग और अनुशासन का संदेश
योगाभ्यास, सूर्य नमस्कार और देशभक्ति गीतों से गूंज उठा ठूठीबारी
📍 बॉर्डर न्यूज़ लाइव, महराजगंज (निशा चौधरी)
ठूठीबारी/महराजगंज। महराजगंज जिले के ठूठीबारी कस्बे में शुक्रवार की सुबह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के कार्यकर्ताओं द्वारा प्रभात फेरी का आयोजन किया गया। केशव शाखा के स्वयंसेवकों ने शिशु मंदिर विद्यालय परिसर में एक विशेष कार्यक्रम के तहत योगाभ्यास, दंड अभ्यास, न्यूद्ध सिद्ध और सूर्य नमस्कार जैसी शारीरिक क्रियाओं का प्रदर्शन किया। इस आयोजन का उद्देश्य स्वास्थ्य जागरूकता और राष्ट्रभक्ति का प्रसार करना था।
राष्ट्रभक्ति के गीतों से गूंज उठा कस्बा
कार्यक्रम की शुरुआत संघ गणगीतों के साथ हुई। प्रभात फेरी ने “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “जय श्रीराम” जैसे गगनभेदी नारों से पूरे कस्बे को गुंजायमान कर दिया। यह फेरी मुख्य मार्ग होते हुए बाईपास रोड तक पहुंची और फिर विद्यालय प्रांगण में संपन्न हुई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने “भारत माता तेरा आंचल”, “नमस्ते सदा वत्सले मातृ भूमि”, “हरा भरा धानी धानी” और “जागो तो एक बार हिंदू जागो” जैसे गीत गाकर लोगों में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक एकता का संचार किया।
ठंड के बावजूद दिखा कार्यकर्ताओं का जोश
हालांकि सुबह की ठंड काफी तेज थी, फिर भी संघ के कार्यकर्ताओं का जोश और समर्पण देखने लायक था। पूरे आयोजन के दौरान स्थानीय लोगों ने इसे खूब सराहा और इसे सकारात्मक पहल के रूप में देखा।
प्रमुख कार्यकर्ताओं की रही अहम भागीदारी
इस कार्यक्रम में संघ के कई प्रमुख कार्यकर्ता शामिल हुए, जिनमें आदित्य मिश्रा, नीरज वर्मा, कृष्ण मोहन रौनियार, अशोक रौनीयार, निलेश निगम, गजानंद जायसवाल, महेश मद्देशिया, कमलेश गुप्ता, जितेंद्र रौनियार, अजय श्रीवास्तव, राज रौनियार, पियूष रौनियार, ओमकार वर्मा, गिरजेश निगम और संतोष निगम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
संघ का उद्देश्य – राष्ट्रभक्ति और स्वास्थ्य जागरूकता
कार्यक्रम के आयोजकों ने बताया कि इस तरह की प्रभात फेरियां युवाओं और समाज को अनुशासन, शारीरिक स्वास्थ्य और राष्ट्रप्रेम की ओर प्रेरित करने का कार्य करती हैं। भविष्य में भी ऐसे आयोजन होते रहेंगे, जिससे समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।