45 साल से ऊपर की महिलाओं को करता था टारगेट, संबंध बनाने से मना करने पर देता था कत्ल का अंजाम
बॉर्डर न्यूज़ लाइव, बरेली/उत्तर प्रदेश
बरेली – उत्तर प्रदेश के बरेली में पिछले एक साल से फैली दहशत का अंत हो गया है। पुलिस ने उस साइको किलर को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने 45 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को निशाना बनाकर एक के बाद एक 9 हत्याओं को अंजाम दिया था। इस हत्यारे की गिरफ्तारी के बाद इलाके में फैले खौफ का माहौल अब कुछ हद तक शांत हो गया है।
ऑपरेशन तलाश: 22 टीमों का विशेष अभियान
बरेली के एसएसपी अनुराग आर्या ने बताया कि इस सीरियल किलर की गिरफ्तारी के लिए ‘ऑपरेशन तलाश’ चलाया गया, जिसमें 22 टीमों का गठन किया गया था। इस ऑपरेशन के दौरान 25 किलोमीटर के दायरे में 600 से अधिक नए कैमरे लगाए गए और 1500 पुराने सीसीटीवी कैमरों की मदद ली गई। डेढ़ लाख से अधिक मोबाइल नम्बरों का डाटा सर्विलांस पर लगाया गया, जिसके बाद पुलिस आरोपी कुलदीप गंगवार तक पहुंच पाई।
साइको किलर की कहानी: सौतेली मां से विद्वेष की वजह से महिलाओं को बनाया शिकार
आरोपी कुलदीप गंगवार, बरेली के नवाबगंज थाना इलाके के बाकरगंज गांव का निवासी है। उसने पुलिस को बताया कि उसके पिता ने उसकी मां के जीवित रहते हुए दूसरी शादी कर ली थी, जिससे उसे सौतेली मां के प्रति नफरत हो गई। इस नफरत के चलते उसने 45 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को अपना शिकार बनाना शुरू कर दिया।
हत्या का तरीका और पुलिस की जांच:
कुलदीप ने 6 महिलाओं की हत्या स्वीकार की है। वह हमेशा अकेली महिलाओं को निशाना बनाता था, जो सुनसान जगहों पर होती थीं। वह गन्ने के खेतों में महिलाओं का गला दबाकर हत्या करता था और इस बात को सुनिश्चित करने के लिए उनके गले में साड़ी या दुपट्टे से गांठ लगा देता था कि वे जीवित न बचें। पुलिस ने आरोपी को मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया।
चिन्ह के रूप में साथ ले जाता था सामान:
कुलदीप हर हत्या के बाद मृतका का कोई न कोई सामान निशानी के तौर पर अपने साथ ले जाता था। उसने पहली हत्या में अनीता देवी का वोटर आईडी कार्ड, लाल लिपस्टिक, लाल बिंदी, और ब्लाउज का टुकड़ा ले लिया था। इसी तरह अन्य हत्याओं में भी वह मृतकों से कुछ न कुछ चुराता था।