बॉर्डर न्यूज़ लाइव (बांदा)
बांदा। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा के नरैनी कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराकर सभी को हैरान कर दिया है। महिला का आरोप है कि उसका पति उसे नशीली और उत्तेजक दवाएं जबरन खिलाकर चारपाई में बांधकर दुष्कर्म करता है। विरोध करने पर मारपीट भी करता है।
पुलिस अधीक्षक को सुनाई आप बीती …
गुरुवार को पीड़ित महिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची और पुलिस अधीक्षक को अपनी आपबीती सुनाई। महिला ने आरोप लगाया कि उसका पति अपराधी प्रवृत्ति का है और उसे जबरन नशीली और उत्तेजक दवाएं खिलाता है। इसके बाद वह उसके साथ सहवास करने की कोशिश करता है। मना करने पर चारपाई में रस्सी से बांधकर दुष्कर्म करता है। महिला का कहना है कि इस तरह की घटनाएं अक्सर होती हैं और पति के इच्छापूर्ति न होने पर वह मारपीट करता है।
पहले भी हत्या के आरोप…
महिला का यह भी आरोप है कि उसका पति अपनी पहली पत्नी की हत्या कर चुका है और वर्तमान में हत्या के मुकदमे पर जमानत पर है। महिला ने बताया कि उसके पति को उसका बहनोई और भांजा उकसाते हैं और उसे भी मारने की धमकी देते हैं। साथ ही, पति उसे वेश्या कहकर समाज में बदनाम कर रहा है, जिससे उसका घर से निकलना मुश्किल हो गया है।
पुलिस ने की कार्रवाई….
पुलिस अधीक्षक के आदेश पर नरैनी पुलिस ने आरोपी पति लाला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक सुरेश सैनी ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषी पति के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।